रिपोर्टर: मनमीन वलिया, न्यू दिल्ली
सेंट्रल दिल्ली पुलिस ने अवैध शराब सप्लाई करने वाले एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में शराब जब्त की है। यह कार्रवाई थाना रंजीत नगर पुलिस की टीम ने की। घटना 14/15 सितंबर की रात की है, एक गुप्त सूचना मिली कि एक सफेद वैगनआर कार में अवैध शराब गुरुग्राम से दिल्ली लाई जा रही है। सूचना मिलते ही टीम बनाई गई और शादिपुर इलाके में जाल बिछाया गया।
सुबह करीब 3:50 बजे एक सफेद वैगनआर कार पटेल नगर की तरफ से आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे शादिपुर रेड लाइट पर रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने इशारा अनदेखा कर गाड़ी तेज़ कर दी और भागने लगा। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा किया और गाड़ी को शादिपुर फ्लाईओवर के नीचे रहेजा बिल्डिंग के पास रोक लिया। गाड़ी की जांच करने पर 35 बॉक्स अवैध शराब मिले। इनमें 12 बॉक्स अंग्रेजी शराब (हर बॉक्स में 48 क्वार्टर) और 23 बॉक्स देसी शराब (हर बॉक्स में 50 क्वार्टर) शामिल थे। कुल मिलाकर 1726 क्वार्टर बरामद हुए।

गाड़ी चालक को मौके पर गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान फैज़ान मिर्ज़ा निवासी देवीलाल नगर, गुरुग्राम, हरियाणा के रूप में हुई। आरोपी ने 11वीं तक पढ़ाई की है और पहले ड्राइवर का काम करता था। जांच में सामने आया कि उसके खिलाफ पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। पूछताछ में फैज़ान ने बताया कि यह शराब गुरुग्राम निवासी राहुल की है और इसे दिल्ली में प्रमोद नामक व्यक्ति को पहुंचाना था।
इस मामले में थाना रंजीत नगर में एफआईआर नंबर 345/25, धारा 33/58 दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने अवैध शराब के साथ-साथ सफेद वैगनआर कार भी जब्त कर ली है। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े बाकी लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
सेंट्रल जिला पुलिस के डीसीपी निधिन वाल्सन, आईपीएस ने कहा कि अवैध शराब की तस्करी पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और जनता की सुरक्षा पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।



