Delhi Crime: शाहबाद डेयरी हत्याकांड में बड़ी सफलता, एक साल से फरार आरोपी रहमान खान गिरफ्तार
रिपोर्ट: हेमंत कुमार
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने शाहबाद डेयरी में हुए सनसनीखेज हत्या मामले में एक साल से फरार चल रहे मुख्य आरोपी रहमान खान उर्फ जुबेर को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से की गई है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक सनी की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी थी और पिछले 12 महीनों से फरार था।
यह जघन्य हत्या 30 जून 2024 की रात लगभग 10:15 बजे हुई थी। 28 वर्षीय सनी को उसके रिश्तेदारों ने घायल अवस्था में बीएसए अस्पताल, रोहिणी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव की जांच में पता चला कि उसके शरीर और गुप्तांगों पर कई चाकू के घाव थे। शाहबाद डेयरी थाने में इस मामले में एफआईआर संख्या 480/2024 दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईपीसी की धारा 302, 147, 148, 149, 34 और आर्म्स एक्ट की धाराएं 25/27 जोड़ी गईं।
जांच में खुलासा हुआ कि सनी की किसी पुरानी रंजिश को लेकर अजय उर्फ मोदी नामक युवक से दुश्मनी थी। वारदात के दिन अजय अपने कई साथियों—गुड्डू, दद्दू, चेतन, दीपक उर्फ दीपू, रोशन, प्रकाश, सागर और रहमान खान के साथ—सनी से रास्ते में टकरा गया। दोनों पक्षों में कहासुनी हुई जो मारपीट में बदल गई। पहले अजय ने सनी को थप्पड़ मारा, फिर सभी आरोपियों ने मिलकर उसे बुरी तरह पीटा और अजय ने चाकू से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
अपराध शाखा एनआर-II, सेक्टर-18, रोहिणी की टीम को इस मामले की जिम्मेदारी दी गई थी। टीम का नेतृत्व निरीक्षक संदीप स्वामी कर रहे थे और इसमें एसआई पंकज सरोहा, एएसआई सुनील कुमार, प्रधान सिपाही नवल, अजय और सिपाही योगेंद्र शामिल थे। पूरी जांच की निगरानी एसीपी नरेंद्र बेनीवाल और डीसीपी (अपराध शाखा) हर्ष इंदौरा द्वारा की गई।
तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर पता चला कि आरोपी रहमान खान उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने वहां जाल बिछाकर शाहजहांपुर रोड, नेक्सर कॉलोनी मार्ग के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में रहमान ने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। उसे दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 41.1(ba) के तहत विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह केवल आठवीं तक पढ़ा है और पारिवारिक आर्थिक तंगी के चलते मजदूरी करने लगा। इसी दौरान वह अजय उर्फ मोदी की संगत में आ गया, जो आपराधिक गतिविधियों में लिप्त था। उसकी संगत में आकर वह भी अपराध की दलदल में फंस गया और इस वीभत्स हत्या में शामिल हो गया। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार प्रयास कर रही है।



