Devendra Yadav Press Meet: बरसात से पहले की मरम्मत नौटंकी से नहीं छुपेगी भाजपा सरकार की विफलता: कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव
रिपोर्ट: हेमंत कुमार
नई दिल्ली, 24 जून 2025 – दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने सोमवार को दिल्ली सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि मानसून से ऐन पहले की गई गड्ढों की मरम्मत की कार्यवाही एक “राजनीतिक नौटंकी” है, जो भाजपा शासित एनडीएमसी और दिल्ली सरकार की विफलताओं को नहीं छिपा सकती।
देवेंद्र यादव ने एक प्रेस बयान में भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार और कथित “सुपर सीएम” मंत्री प्रवेश वर्मा पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा, “100 दिनों की निकम्मी कार्यप्रणाली को चंद गड्ढों को भरकर नहीं छिपाया जा सकता। जनता सब जानती है।” उन्होंने दावा किया कि सरकार ने 15 मिनट में 3,400 गड्ढे भरने का झूठा दावा किया है जो केवल मानसून से पहले जनता को भ्रमित करने की कवायद है।
यादव ने कहा कि दिल्ली की सड़कों की हालत जर्जर है और हर इलाके में टूटी सड़कें, गंदगी से भरे नाले और अव्यवस्थित बुनियादी ढांचे की तस्वीर साफ है। “28 फरवरी 2025 को दिल्ली सरकार की बैठक में गड्ढों को भरने और पैच रिपेयर का निर्णय हुआ था। 21 फरवरी को अधिकारियों ने मुख्यमंत्री व मंत्रिपरिषद को विस्तृत प्रेजेंटेशन दी थी। लेकिन उसके बाद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई,” यादव ने कहा।
उन्होंने पीडब्ल्यूडी की जिम्मेदारी पर सवाल उठाते हुए कहा कि विभाग के अधीन 1,400 किमी लंबी सड़कों पर मरम्मत का काम समय पर शुरू ही नहीं हुआ। 7,000 गड्ढों की पहचान और उन्हें मेंटेनेन्स वैन से भरने की योजना सिर्फ फाइलों में रह गई। 2 लाख वर्ग मीटर पैच रिपेयर का जो लक्ष्य रखा गया था, उसकी समयसीमा 30 अप्रैल थी, लेकिन वह भी पूरा नहीं हुआ।
यादव ने सरकार की समय प्रबंधन पर भी प्रश्न उठाते हुए कहा कि मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी दी थी कि 19 से 25 जून के बीच मानसून दिल्ली पहुंचेगा, लेकिन सरकार ने वक्त रहते कोई तैयारी नहीं की। “ना नाले साफ हुए, ना सड़कें बनीं। केवल कैमरों के सामने गड्ढे भरवाकर फोटो खिंचवाने की दिखावटी राजनीति की गई,” उन्होंने कहा।
उन्होंने मंत्री प्रवेश वर्मा को ‘सुपर सीएम’ कहते हुए तंज कसा कि अगर वह अपने विभाग का समय पर काम नहीं करा पाए, तो वह अपनी विफलता को छिपा नहीं सकते। “आज एक मंत्री कैमरों के सामने अधूरे गड्ढों को भरवाने का ड्रामा कर रहा है, यह पूरी तरह से जनता को मूर्ख बनाने की कोशिश है,” यादव ने कहा।
देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अब अरविंद केजरीवाल की रणनीति को ही अपना चुकी है – झूठे दावे, दिखावटी काम और जनता की उपेक्षा। उन्होंने चेताया कि “आज भरे गए गड्ढे मानसून की पहली बारिश में फिर उभर आएंगे और बारिश के बाद यही सड़कें फिर से धूल और प्रदूषण का कारण बनेंगी।”
कांग्रेस अध्यक्ष ने दोहराया कि दिल्ली की जनता को फिर पानी में डूबने के लिए तैयार रहना होगा क्योंकि भाजपा की सरकार में न तैयारी है, न गंभीरता। कांग्रेस पार्टी इन विफलताओं के खिलाफ पूरी मजबूती से आवाज उठाती रहेगी और दिल्लीवासियों के हक के लिए संघर्ष जारी रखेगी।



