Delhi Crime: दिल्ली से चोरी हुए मोबाइल बांग्लादेश तक पहुंचाने वाला गिरोह पकड़ा गया , 150 फोन बरामद, 3 गिरफ्तार
रिपोर्ट: हेमंत कुमार
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली की साउथ डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो चोरी और स्नैचिंग के मोबाइल फोन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बांग्लादेश तक पहुंचा रहा था। पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 150 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपियों के तार दिल्ली से लेकर पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश तक फैले हुए थे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुजाहिर, शिवम और मोहम्मद खालिद के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में अब तक 30 मामलों का खुलासा हो चुका है, जबकि शेष 120 बरामद मोबाइल की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि यह गैंग भीड़भाड़ वाले बाजारों, चलती बसों और दिल्ली की सड़कों पर सक्रिय स्नैचर्स और चोरों से चोरी किए गए फोन खरीदता था। इसके बाद इन्हें अपने नेटवर्क के जरिए सीमापार बांग्लादेश पहुंचाया जाता था।
डीसीपी साउथ अंकित चौहान ने बताया कि एसीपी ऑपरेशन अरविंद कुमार की देखरेख में इंस्पेक्टर अनुराग, सब इंस्पेक्टर मनीष फोगाट और उनकी टीम—जिसमें हेड कॉन्स्टेबल अखिलेश, यशपाल और महेंद्र शामिल थे—ने कड़ी मेहनत और सूझबूझ से इस गिरोह के तीन आरोपियों तक पहुंचने में सफलता पाई।
जांच में यह भी सामने आया कि यह गिरोह ऐसे मोबाइल फोन बांग्लादेश भेजता था जो भारत के CEIR पोर्टल पर ब्लॉक किए जा चुके थे। दरअसल, भारत में ब्लॉक किए गए मोबाइल पर कोई नेटवर्क काम नहीं करता, लेकिन सीमा पार इन्हें फिर से सक्रिय कर बेच दिया जाता था।
अब तक इस मामले में कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और 300 से अधिक मोबाइल फोन बरामद हो चुके हैं। पुलिस का मानना है कि इस नेटवर्क का पूरी तरह से सफाया करना ज़रूरी है ताकि चोरी हुए फोन का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवैध इस्तेमाल रोका जा सके।


