FESTA Protest: फेस्टा ने अमेरिका की टैरिफ नीति के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन, व्यापारियों ने जताई नाराजगी
रिपोर्ट: हेमंत कुमार
सदर बाजार के कुतुब रोड चौक पर सैकड़ों व्यापारियों ने फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेड्स एसोसिएशन (FESTA) के नेतृत्व में अमेरिका द्वारा भारतीय उद्योगों पर लगाए गए टैरिफ के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन की अध्यक्षता एसोसिएशन के चेयरमैन परमजीत सिंह पम्मा और अध्यक्ष राकेश यादव ने की।
प्रदर्शन में शामिल व्यापारियों ने अपने हाथों में बैनर और पोस्टर लिए हुए थे, जिन पर नारे लिखे थे जैसे “टैरिफ नीति वापस लो”, “अमेरिका तानाशाही बंद करे” और “भारतीय उद्योग बचाओ”। व्यापारियों ने कहा कि अमेरिका की नई टैरिफ नीति सीधे तौर पर भारतीय उद्योगों को प्रभावित कर रही है और इससे दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों पर नकारात्मक असर पड़ेगा।
परमजीत सिंह पम्मा और राकेश यादव ने बताया कि भारत के कई उद्योगों में करोड़ों रुपए का माल अमेरिका के आदेशानुसार तैयार रखा गया है, और व्यापारियों ने इसके लिए एडवांस राशि भी प्राप्त की थी। लेकिन अमेरिकी टैरिफ नीति के कारण यह माल अब अमेरिका नहीं भेजा जा पा रहा है, जिससे इंडस्ट्री को भारी नुकसान हो रहा है और प्रतिस्पर्धा क्षमता कमजोर हो रही है।
दोनों नेताओं ने कहा कि टैरिफ के कारण भारतीय उद्योगों के लिए उत्पादन लागत बढ़ रही है और विदेशी बाजार में उनकी प्रतिस्पर्धा पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। पम्मा और राकेश यादव ने अमेरिका से अपील की कि वह इस कदम पर पुनर्विचार करे और भारत के साथ व्यापारिक संबंधों को मजबूत बनाए। उन्होंने यह भी जोर दिया कि दोनों देशों के बीच सहयोग और समझौतों के माध्यम से ही समस्याओं का समाधान संभव है।
इस अवसर पर पम्मा और राकेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी अनुरोध किया कि वे जीएसटी में व्यापारियों को राहत दें और सस्ते दरों पर लोन की सुविधा उपलब्ध कराएं, ताकि भारतीय उद्योग अपने उत्पाद सस्ते दामों में बाजार में पेश कर सकें और स्वदेशी माल को बढ़ावा मिल सके।
प्रदर्शन में अन्य प्रमुख व्यापार नेताओं जैसे कमल कुमार, दीपक मित्तल, वरिंदर सिंह, चौधरी योगेंद्र सिंह, हरजीत सिंह छाबड़ा, रजनीश भयाना, सुरेश जैन सहित कई अन्य व्यापारियों ने भी अमेरिका की टैरिफ नीति की निंदा की और भारतीय उद्योगों के प्रति अपनी समर्थन जताई।



