Jalaun Road Accident: जालौन में कार नहर में गिरी, दो की मौत, बाइक सवार घायल
रिपोर्ट: अभय द्विवेदी
उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के कोटरा थाना क्षेत्र के कोटरा-एट मार्ग स्थित बिनौरा नहर पुल पर एक भयानक सड़क हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी और नियंत्रण खोने के कारण नहर में गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में कार में सवार दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार एक दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने कार में फंसे लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला, लेकिन तब तक कार सवार दोनों लोगों की मौत हो चुकी थी।
घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि कार अत्यधिक तेज गति से चल रही थी और टक्कर लगने के कारण अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे की वजह से पुल पर लंबा जाम भी लग गया और स्थानीय प्रशासन ने यातायात को नियंत्रित करने के लिए तुरंत कदम उठाए।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त की जा रही है और बाइक सवार दंपति की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद विशेषज्ञ चिकित्सक की देखरेख में रखा गया है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए कार और बाइक के चालक के बयान भी लिए जा रहे हैं।


