Jhansi-Kanpur Highway Accident: जालौन में ट्रक में घुसी XUV कार, चालक की जिंदा जलकर हुई मौत
रिपोर्ट: अभय द्विवेदी
झांसी–कानपुर नेशनल हाईवे-27 पर जालौन जनपद के उरई कोतवाली क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हुआ। मौखरी होटल के पास ओवरब्रिज के ऊपर कानपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार महिंद्रा XUV700 कार पीछे से एक ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते वाहन आग के गोले में बदल गया।
नेशनल हाईवे पर उठते धुएं और आग को देखकर आसपास के स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कार का दरवाजा नहीं खुल सका और चालक अंदर ही फंस गया। आग तेजी से फैलने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और जिंदा जलकर मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलकर राख हो गई।
सूचना मिलने पर उरई कोतवाली पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद पुलिस ने कार के अंदर से चालक का जला हुआ शव बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।
उरई कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह हादसा तेज रफ्तार और पीछे से ट्रक में टक्कर लगने के कारण हुआ प्रतीत होता है। मृतक चालक की पहचान 54 वर्षीय राजेश कुशवाहा के रूप में हुई है। परिवार को घटना की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया।


