Delhi: वीरेन्द्र सचदेवा का हमला, केजरीवाल ईमेल धमकी जैसे संवेदनशील मुद्दे पर भी राजनीति कर रहे हैं
रिपोर्ट: हेमंत कुमार
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने राजधानी के स्कूलों और संस्थानों को मिल रही बम धमकी वाली ईमेल्स को लेकर दिल्ली सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब दुनियाभर में इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाता है और राजनीतिक दल सुरक्षा एजेंसियों का सहयोग करते हैं, वहीं दिल्ली में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मंत्री आतिशी जैसे नेता इन संवेदनशील विषयों पर भी गैर-जिम्मेदार बयानबाजी और ओछी राजनीति कर रहे हैं।
वीरेन्द्र सचदेवा ने मंगलवार को दिए अपने बयान में कहा, “किसी भी स्कूल को बम की धमकी मिलना निश्चित रूप से चिंता का विषय है। लेकिन जब सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता से काम कर रही हों, तब नेताओं को राजनीति करने की बजाय उन्हें सहयोग देना चाहिए।” उन्होंने आगे कहा कि यह खेदजनक है कि अरविंद केजरीवाल और उनकी सरकार जनता में बेवजह का तनाव फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
सचदेवा ने याद दिलाया कि बीते वर्षों में भी दिल्ली के स्कूलों को धमकी भरे ईमेल भेजे गए थे, लेकिन दिल्ली पुलिस की जांच में सामने आया था कि एक नाबालिग छात्र ही बड़ी संख्या में स्कूलों को फर्जी धमकी भेज रहा था। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस ने हमेशा तेजी से कार्य किया है और वास्तविक तथ्यों को सामने लाया है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दुनियाभर में आजकल स्कूल, एयरलाइंस, अस्पताल, न्यायालय और धार्मिक स्थलों को इस प्रकार की ईमेल धमकियां मिलना आम बात होती जा रही है। इनमें से 99.9% धमकियां फर्जी होती हैं, फिर भी सभी सुरक्षा एजेंसियां इन्हें पूरी गंभीरता से लेती हैं, क्योंकि जनसुरक्षा सर्वोपरि है। “यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसे गंभीर विषयों पर भी आम आदमी पार्टी के नेता राजनीतिक एजेंडा साधने में जुट जाते हैं,” उन्होंने कहा।
वीरेन्द्र सचदेवा ने विश्वास जताया कि दिल्ली पुलिस इस बार भी पूरी सजगता से जांच करेगी और कुछ ही दिनों में धमकी की सच्चाई सामने लाएगी। उन्होंने जनता से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और पुलिस तथा प्रशासन को सहयोग दें।


