NDMC में कला और संस्कृति संवर्धन की नई पहल, कुलजीत सिंह चहल ने पद्मश्री मूर्तिकार अद्वैत चरण गडनायक से की मुलाकात
रिपोर्ट: हेमंत कुमार
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने प्रसिद्ध मूर्तिकार पद्मश्री श्री अद्वैत चरण गडनायक से भेंट कर उन्हें कला क्षेत्र में योगदान के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर परिषद अध्यक्ष केशव चंद्रा, शिल्पकार अरुण पंडित, कला-संस्कृति सलाहकार हर्षवर्धन शर्मा और युवा सलाहकार अंकित शर्मा भी मौजूद रहे।
बैठक में विकसित भारत @2047 के दृष्टिकोण से NDMC क्षेत्र में कला और संस्कृति को बढ़ावा देने की रणनीति पर चर्चा हुई। श्री चहल ने बताया कि श्री गडनायक की कृतियों ने भारत की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर स्थापित किया है। उन्होंने “राष्ट्रीय पुलिस स्मारक”, “दांडी यात्रा स्मारक” और इंडिया गेट परिसर की नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रतिमा जैसे ऐतिहासिक स्मारक रचे हैं।
श्री चहल ने जानकारी दी कि NDMC द्वारा “अर्बन आर्ट्स एंड कल्चर फोरम” का गठन किया जा चुका है। यह मंच नवोदित कलाकारों को अवसर देगा और स्थानीय सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करेगा। उन्होंने कहा कि NDMC क्षेत्र के स्कूलों में बच्चों के लिए नियमित कला-संस्कृति कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी और स्ट्रीट आर्ट के जरिए सांस्कृतिक संदेश प्रसारित किए जाएंगे। साथ ही उभरते कलाकारों के लिए वार्षिक कला उत्सव और प्रदर्शनियां भी आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने जोर देकर कहा कि NDMC राजधानी के हृदय स्थल को सांस्कृतिक और कलात्मक रूप से समृद्ध बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। “कला और संस्कृति केवल अतीत की धरोहर नहीं, बल्कि भविष्य की दिशा भी हैं,” श्री चहल ने कहा।



