Delhi Robbery Case: एसी और RO मैकेनिक बनकर लूट करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार, धारदार हथियार के साथ वीडियो हुआ था वायरल
रिपोर्ट: हेमंत कुमार
उत्तर-पश्चिमी दिल्ली में लोगों के घरों में एसी और RO मैकेनिक बनकर घुसकर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर आरोपी को Delhi Police की स्पेशल स्टाफ टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अजय बग्गा के रूप में हुई है, जो पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के कारण चर्चा में था। आरोपी धारदार हथियार लेकर लोगों को डराता था और खतरनाक तरीके से लूट की वारदातों को अंजाम देता था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लोगों के घरों में खुद को एसी मैकेनिक, टीवी मैकेनिक या RO मैकेनिक बताकर दाखिल होता था। जैसे ही लोग दरवाजा खोलते, आरोपी अंदर घुसकर उन्हें धमकाता और लूटपाट कर फरार हो जाता था। हाल ही में पीतमपुरा और केशवपुरम इलाके में हुई कई वारदातों में भी इसी आरोपी का नाम सामने आया था।
बताया जा रहा है कि आरोपी के पास कोई मोबाइल फोन नहीं था और वह पिछले करीब दो सालों से बिना किसी स्थायी घर के अलग-अलग जगहों पर रह रहा था। कभी मंदिर, कभी गुरुद्वारे तो कभी सड़कों पर रात गुजारकर वह अपनी जिंदगी बिता रहा था। पुलिस पूछताछ में यह भी पता चला कि करीब ढाई साल पहले आरोपी ने नशे और जुए की लत को पूरा करने के लिए अपना मकान तक बेच दिया था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी अपनी शराब और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए लगातार लूट की वारदातों को अंजाम देता था। चूंकि उसके पास मोबाइल फोन नहीं था, इसलिए पुलिस को किसी प्रकार की टेक्निकल सर्विलांस मदद नहीं मिल पा रही थी। ऐसे में पुलिस ने वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान स्पेशल स्टाफ की टीम ने इलाके में लोगों से पूछताछ की और आखिरकार आरोपी अजय बग्गा तक पहुंचने में सफलता हासिल की। आरोपी का धारदार हथियार के साथ वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी थी।
Akanksha Yadav ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी के घर पर कोई अनजान व्यक्ति एसी, टीवी या RO मैकेनिक बनकर आए तो बिना पहचान सुनिश्चित किए दरवाजा न खोलें। उन्होंने कहा कि मैकेनिक के भेष में इस तरह के शातिर अपराधी वारदातों को अंजाम दे सकते हैं।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने दिल्ली के किन-किन इलाकों में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। संभावना जताई जा रही है कि पूछताछ में कई अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।



