NDMC Work From Home Policy: नई दिल्ली नगरपालिका परिषद ने लागू की “वर्क फ्रॉम होम” व्यवस्था, ईंधन बचत और डिजिटल कार्यसंस्कृति को मिलेगा बढ़ावा
रिपोर्ट: हेमंत कुमार
New Delhi Municipal Council ने माननीय प्रधानमंत्री Narendra Modi के ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण और डिजिटल कार्यसंस्कृति के विजन को आगे बढ़ाते हुए पात्र कर्मचारियों के लिए “वर्क फ्रॉम होम” व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया है। इस संबंध में परिषद की ओर से तत्काल प्रभाव से आदेश जारी कर दिए गए हैं।
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद के उपाध्यक्ष Kuljeet Singh Chahal ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य अनावश्यक आवागमन को कम करना, ईंधन की बचत करना और डिजिटल माध्यम से कार्य प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना है। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था के तहत चिन्हित विभागों के समूह ‘बी’ और समूह ‘सी’ के अधिकतम 33 प्रतिशत कर्मचारियों को आवश्यकता के अनुसार घर से कार्य करने की अनुमति दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि विभागाध्यक्ष क्रमवार ड्यूटी सूची तैयार करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी विभागीय कार्य और जनसेवाएं पहले की तरह सुचारु रूप से चलती रहें। इस व्यवस्था में दूर-दराज क्षेत्रों से निजी वाहनों द्वारा आने वाले कर्मचारियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
एनडीएमसी ने साफ किया है कि जनता को मिलने वाली आवश्यक सेवाओं पर किसी प्रकार का असर नहीं पड़ेगा। इसके तहत कई जरूरी सेवाओं को “वर्क फ्रॉम होम” व्यवस्था से बाहर रखा गया है। इनमें सफाई और जनस्वास्थ्य कर्मचारी, अस्पताल एवं आपातकालीन सेवाओं से जुड़े कर्मचारी, बिजली और जल आपूर्ति विभाग, उद्यान विभाग, अभियांत्रिकी एवं रखरखाव दल, प्रवर्तन एवं निरीक्षण टीमें तथा नियंत्रण कक्ष और आपदा प्रतिक्रिया कर्मचारी शामिल हैं।
उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि घर से कार्य करने वाले कर्मचारियों को आधिकारिक संचार माध्यमों पर हर समय उपलब्ध रहना होगा और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें कार्यालय में उपस्थित होना अनिवार्य होगा। आवश्यकता अनुसार अन्य श्रेणियों के कर्मचारियों को भी विभागाध्यक्ष या उच्च अधिकारियों द्वारा इस व्यवस्था से बाहर रखा जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि कर्मचारियों को सार्वजनिक परिवहन, साइकिल, साझा वाहन व्यवस्था और इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके साथ ही वित्त एवं लेखा विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि यात्रा भत्ता दिल्ली मेट्रो कार्ड के माध्यम से उपलब्ध कराने की व्यवस्था तैयार की जाए। इसके लिए Delhi Metro Rail Corporation और Delhi Transport Corporation के अधिकारियों के साथ जल्द बैठक आयोजित की जाएगी।
एनडीएमसी ने यह भी निर्णय लिया है कि विभिन्न विभागों के निरीक्षण के दौरान विभागाध्यक्ष यथासंभव एक ही वाहन का सामूहिक रूप से उपयोग करेंगे ताकि ईंधन की अधिकतम बचत सुनिश्चित की जा सके। इसके अलावा नई दिल्ली नगरपालिका परिषद कॉलोनियों से कर्मचारियों के लिए विशेष बस सेवा भी शुरू की जाएगी, जिसकी विस्तृत योजना परिवहन विभाग द्वारा अलग से जारी की जाएगी।
कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार देशवासियों से जिम्मेदार, आत्मनिर्भर और पर्यावरण हितैषी जीवनशैली अपनाने की अपील कर रहे हैं और एनडीएमसी भी इन राष्ट्रीय प्रयासों में पूरी प्रतिबद्धता के साथ योगदान दे रही है।
उन्होंने कहा कि यह पहल बेहतर प्रशासन, पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचत और डिजिटल कार्यप्रणाली के प्रति नई दिल्ली नगरपालिका परिषद की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।



