CAT Rasna MoU: आत्मनिर्भर भारत को मजबूत करेगा कैट–रसना एमओयू, स्वदेशी व्यापार को नई पहचान
रिपोर्ट: हेमंत कुमार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल – लोकल टू ग्लोबल विज़न को आगे बढ़ाते हुए कॉन्फ़ेडरेशन ऑफ आल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने आज नई दिल्ली में रसना के साथ महत्वपूर्ण एमओयू किया। यह समझौता भारतीय उत्पादों और ब्रांडों को देश और दुनिया में नई पहचान दिलाने तथा स्वदेशी व्यापार को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस समझौते पर कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी सी भरतिया, रसना ग्रुप के चेयरमैन पिरूज़ खंबट्टा, और टेक्नोलॉजी कंपनी आई पॉइंट वेंचर्स के सीईओ राजीव मलिक ने हस्ताक्षर किए। दिल्ली के चांदनी चौक से सांसद और कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल भी उपस्थित रहे।
एमओयू के तहत तीनों संस्थान व्यापार विस्तार, डिजिटल समाधान, स्किल डेवलपमेंट, प्रशिक्षण, टेम्पिंग, माइक्रो एंटरप्राइज इनक्यूबेशन, एडवोकेसी और सपोर्ट के क्षेत्र में संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। इसका प्रमुख उद्देश्य रसना के बेवरेज और संबद्ध व्यवसायों का देश और विदेश में विस्तार करना है। कैट के माध्यम से देशभर के हजारों व्यापारिक संगठनों के सहयोग से गाँवों और कस्बों तक नए व्यापार अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
कैट द्वारा आयोजित भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 का आयोजन 1 से 4 मई 2026 तक भारत मण्डपम, नई दिल्ली में किया जाएगा। महोत्सव भारत की विनिर्माण क्षमता, एमएसएमई शक्ति, नवाचार, रिटेल विस्तार और निर्यात संभावनाओं को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने का मंच बनेगा।
कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी सी भरतिया ने कहा कि यह पहल भारतीय उत्पादों को वैश्विक बाजार में सशक्त बनाने और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में मदद करेगी। रसना ग्रुप के चेयरमैन पिरूज़ खंबट्टा ने बताया कि कैट के सदस्यों के लिए एक भारतीय B2B डिजिटल पोर्टल लॉन्च किया जाएगा, जिससे रिटेलर ऑनलाइन ऑर्डर कर सकेंगे।
इस समझौते से एमएसएमई सेक्टर मजबूत होगा, रोजगार के नए अवसर बनेंगे और भारतीय अर्थव्यवस्था को स्वदेशी उत्पादों के माध्यम से वैश्विक पहचान मिलेगी। कैट–रसना एमओयू आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक ठोस और दूरदर्शी पहल के रूप में स्थापित होगा।


