दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने AAP पर साधा निशाना, कैग रिपोर्ट पर उठाए सवाल
रिपोर्ट: हेमंत कुमार
नई दिल्ली, 2 मार्च: दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी (AAP) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सत्ता से हटने के बाद AAP नेताओं के पास कोई काम नहीं बचा, इसलिए वे अब मनगढ़ंत मुद्दों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी चुनावी प्रतिबद्धताओं को पूरा करेगी और भ्रष्टाचार के हर मामले की जांच होगी।
कैग रिपोर्ट के खुलासे पर भाजपा का हमला
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि विधानसभा में कैग रिपोर्ट पेश होने के बाद AAP और उसके विधायक भ्रष्टाचार से ध्यान भटकाने के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 2016-17 में घोषित 10,000 नए अस्पताल बेड में से सिर्फ 1,357 बेड ही जोड़े गए, जिससे केजरीवाल सरकार की विफलता उजागर होती है।
शराब नीति घोटाले पर बड़ा दावा
सचदेवा ने कहा कि शराब नीति में हेरफेर कर कुछ खास ब्रांडों को फायदा पहुंचाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि AAP नेताओं ने जानबूझकर नियम बदले और महादेव, इंडो स्पिरिट, ब्रिंडको जैसी कंपनियों को लाभ दिलाया। उन्होंने कहा कि इस मामले में गहन जांच होगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
मोहल्ला क्लीनिक घोटाला
भाजपा नेता ने मोहल्ला क्लीनिक को भी घोटाला बताया, आरोप लगाया कि AAP ने अपने करीबियों के घरों में क्लीनिक खोलकर किराया वसूला। रिपोर्ट में सामने आया कि मरीजों को मात्र 30 सेकंड में देखा गया, जो कि स्वास्थ्य सेवा के साथ एक मजाक है।
आयुष्मान योजना और यमुना वाटर फ्रंट का वादा
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना को मंजूरी मिल चुकी है और कानूनी प्रक्रिया जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार अपने संकल्प पत्र के वादों को समय से पहले पूरा करेगी, जिसमें यमुना वाटर फ्रंट और दिल्ली में जल क्रूज सेवा शुरू करना शामिल है।



