Bootlegging Case: दिल्ली के नंद नगरी में मां-बेटे अवैध शराब बेचते गिरफ्तार, 135 क्वार्टर और 2.42 लाख रुपये नकद बरामद

रिपोर्ट: आशीष कुमार

दिल्ली में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नंद नगरी थाना पुलिस ने एक मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से अवैध शराब के 135 क्वार्टर और 2 लाख 42 हजार 720 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 20 वर्षीय निशांत उर्फ कृष्ण और उसकी 40 वर्षीय मां पूजा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मां पहले भी आबकारी अधिनियम से जुड़े तीन मामलों में शामिल पाई जा चुकी है, जबकि बेटे का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।

पुलिस के मुताबिक, 12 नवंबर 2026 को रात करीब 9:20 बजे कांस्टेबल भीम और कांस्टेबल पंकज ई-ब्लॉक, नंद नगरी इलाके में पैदल गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि एक व्यक्ति और एक महिला एक मकान के सामने अवैध शराब बेच रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिसकर्मियों ने इसकी जानकारी नंद नगरी थाना प्रभारी को दी। उनके निर्देश पर पुलिस टीम तुरंत बताए गए स्थान पर पहुंची।

मौके पर पुलिस टीम ने एक युवक और महिला को दो बोरियों के साथ देखा। पुलिस को देखते ही दोनों घबरा गए और बोरियों को लेकर मकान के अंदर जाने की कोशिश करने लगे। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने उन्हें मौके पर ही रोक लिया। इसके बाद बोरियों की तलाशी ली गई तो उनमें से अवैध शराब के 135 क्वार्टर और दो यूपीआई स्कैनर बरामद हुए। पुलिस ने जब दोनों की तलाशी ली तो उनके पास से 2,42,720 रुपये नकद भी मिले। इतनी बड़ी नकदी के संबंध में पूछताछ करने पर दोनों कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

पुलिस ने दोनों की पहचान निशांत उर्फ कृष्ण, उम्र 20 वर्ष, निवासी ई-ब्लॉक, नंद नगरी और उसकी मां पूजा, उम्र 40 वर्ष, निवासी ई-ब्लॉक, नंद नगरी के रूप में की। इस मामले में नंद नगरी थाने में एफआईआर नंबर 676/26 दर्ज कर आबकारी अधिनियम की धारा 33 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।

आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच के दौरान सामने आया कि निशांत उर्फ कृष्ण के खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं पाया गया है। वहीं, उसकी मां पूजा पहले भी आबकारी अधिनियम से जुड़े तीन मामलों में संलिप्त पाई गई है। पुलिस अब बरामद नकदी के स्रोत, अवैध शराब की आपूर्ति और इस कारोबार से जुड़े अन्य संभावित लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।