Delhi Rohini Fire: रोहिणी की झुग्गियों में भीषण आग, एक ही परिवार के 3 लोगों की दर्दनाक मौत
रिपोर्ट: हेमंत कुमार
राजधानी दिल्ली के दिल्ली स्थित रोहिणी इलाके में देर रात एक भीषण अग्निकांड ने पूरे क्षेत्र को हिला दिया। करीब आधा दर्जन झुग्गियों में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, आग देर रात उस समय लगी जब अधिकांश लोग अपनी झुग्गियों में सो रहे थे। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास की कई झुग्गियां इसकी चपेट में आ गईं और कुछ ही समय में पूरा इलाका आग की लपटों में घिर गया।
इस हादसे में एक ही परिवार के पति, पत्नी और उनकी दो साल की मासूम बच्ची की जलकर मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव की कोशिश की, लेकिन आग की भयावहता के कारण वे असफल रहे।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी और कई झुग्गियां पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थीं।
बताया जा रहा है कि करीब 400 गज के प्लॉट में प्लास्टिक और कबाड़ का भारी सामान रखा हुआ था, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई और उसने विकराल रूप ले लिया। साथ ही संकरी गलियों की वजह से दमकल की बड़ी गाड़ियों को मौके तक पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
दमकल कर्मियों ने मलबे से तीनों शवों को बाहर निकाला और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
मौके पर दिल्ली फायर सर्विस, स्थानीय पुलिस, कैट्स एम्बुलेंस और बिजली विभाग की टीमें मौजूद रहीं और देर रात तक राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
पीड़ित परिवार के रिश्तेदारों ने बताया कि घटना बेहद दर्दनाक है और अचानक लगी इस आग ने पूरे परिवार को खत्म कर दिया।



