Delhi Crime: बवाना में तड़के गोलीकांड से सनसनी, गैंगवार की आशंका, एक की मौत, मासूम बेटी घायल
रिपोर्ट: हेमंत कुमार
दिल्ली के बवाना इलाके में आज सुबह उस समय दहशत का माहौल बन गया जब नांगल ठाकरान गांव में एक व्यक्ति पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। यह वारदात उस वक्त हुई जब पीड़ित दीपक नामक युवक अपनी 10 वर्षीय बेटी के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकला हुआ था। बदमाशों ने सुबह-सुबह कई राउंड गोलियां चलाईं, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।
इस हमले में दीपक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गोलीबारी में उसकी मासूम बेटी भी घायल हो गई। गंभीर रूप से घायल बच्ची को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आ रही है कि मृतक दीपक का संबंध राजधानी के कुख्यात गैंगस्टर मंजीत महाल से था। बताया जा रहा है कि दीपक मंजीत महाल का सगा भांजा था। ऐसे में पुलिस इस हत्या को गैंगवार से जोड़कर देख रही है।
सूत्रों के अनुसार, यह हमला विदेश में बैठे कुख्यात नंदू गैंग की ओर से करवाया गया हो सकता है। पुलिस फिलहाल सभी एंगल से जांच कर रही है, और हमलावरों की तलाश में कई टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, वहीं क्षेत्र में भारी पुलिस बल की तैनाती भी कर दी गई है ताकि कोई अप्रिय घटना दोबारा न हो।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, फायरिंग की आवाजें सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। बच्चे स्कूल जाने की तैयारी कर रहे थे, कई लोग सुबह की सैर पर निकले हुए थे। गोलियों की गूंज से पूरा इलाका थर्रा उठा।
पुलिस ने इस हत्याकांड को गंभीरता से लेते हुए गैंगस्टर नेटवर्क की पड़ताल शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ जारी है।
दिल्ली में एक बार फिर गैंगवार की आहट ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खुलेआम गोलीकांड की यह वारदात राजधानी में अपराधियों के हौसलों को उजागर कर रही है।


