Delhi Shooting: अंबेडकर नगर में 30 वर्षीय युवक पर बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग, हालत गंभीर
रिपोर्ट: हेमंत कुमार।
दिल्ली के अंबेडकर नगर थाना इलाके के मदन गिरी में बुधवार सुबह बाइक सवार बदमाशों ने 30 वर्षीय युवक निखिल उर्फ़ निक्की पर कई राउंड फायरिंग की। गोली लगने के बाद निक्की गंभीर रूप से घायल हो गया और परिजनों ने उसे तुरंत एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पड़ोसियों और मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार घटना सुबह 8.45 बजे हुई। निक्की घर के अंदर था, तभी गोलियों की आवाज़ सुनकर लोग बाहर आए और देखा कि वह घायल है। निक्की के माता-पिता पहले ही निधन हो चुके हैं। उसके पास एक बहन और दो भाई हैं। पड़ोसियों का कहना है कि निक्की स्वभाव से बहुत अच्छा था और इलाके में लोग इस घटना से दहशत में हैं।
सूत्रों के मुताबिक, निक्की डेढ़ महीने पहले एक मर्डर केस में जेल से छूटकर आया था। घटना के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन भी शुरू किया है और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया गया है।
पड़ोसियों ने बताया कि घटना से पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया है और लोग सड़क पर निकलने से भी डर रहे हैं। पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है और घटना के CCTV फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।


